Nora Fatehi के 'चुनर तेरी सरके' गाने पर सफाई का पोस्टमार्टम, वो सवाल जो पचाने मुश्किल
Nora Fatehi के गाने चुनर तेरी सरके को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है. ट्रोलिंग के बीच दी गई उनकी सफाई ने मामला शांत करने के बजाय और सवाल खड़े कर दिए हैं.
डियर नोरा फतेही हाल ही में आपका गाना “चुनर तेरी सरके” हिंदी वर्ज़न में रिलीज़ हुआ, जिसे अब तक का सबसे वल्गर गाना कहने में मुझे कोई परहेज़ नहीं है. 15 मार्च को यह गाना रिलीज़ हुआ और अगले ही दिन से इसे ट्रोल किया जाने लगा. फिर गाने के रिलीज़ होने के दो दिन बाद आप आईं और सफाई पेश की.
आपने अपने क्लियरिफिकेशन में बहुत कुछ कहा. मैंने आपकी वीडियो को कई बार देखा और हर बार मेरे मन में अलग-अलग सवाल आए, जो आपके दिए गए जवाबों को पचा नहीं पाए.
पहले ही डाल दी अपनी टोपी दूसरे की सिर
सबसे पहले आपने वीडियो की शुरुआत सहानुभूति के साथ की, जो हमने आपको दी भी. लेकिन फिर आपने संजय दत्त का नाम लिया और कहा कि क्योंकि वो इस फिल्म में थे, इसलिए आपने हां कर दी. भला इतने बड़े स्टार के साथ काम करने से कौन मना करेगा? चलिए, आपकी यह बात भी हमने मान ली. लेकिन गाने का पूरा फोकस तो आप पर ही था. यहां तक कि आपके गाने के एक-एक स्टेप्स भी लिरिक्स से पूरी तरह मैच कर रहे थे. यही वह बात है जो कहीं न कहीं यह दिखाती है कि आपको कुछ हद तक अंदाजा था कि इसके लिरिक्स गलत या विवादित हो सकते हैं.
AI जनरेटेड फोटो का मामला कहां से आया?
फिर आप गाने की स्क्रीनिंग पर आ जाती हैं और अचानक से आप कहने लगती हैं कि मेकर्स ने आपकी AI जनरेटेड फोटो का इस्तेमाल पोस्टर में सजंयद दत्त के साथ किया है और आपसे इसकी कोई मंजूरी नहीं ली गई. आप मुझे यह बताइए कि क्या आप कोई आम इंसान हैं, जिनकी मर्जी के बिना यह सब काम हो रहा है? आप कोई बिगिनर तो हैं नहीं. आप बॉलीवुड की पुरानी और जान-मानी एक्ट्रेस और डांसर हैं और जब फोटो शूट हो सकता है, तो आप ये बताइए कि एआई की जरूरत कैसे पड़ेगी.
इमेज खराब तो बस एक बहाना
तीसरा, आपने कहा कि जब लॉन्च पर आप गईं और आपको गाने का हिंदी वर्ज़न सुनाया गया था, तो आप समझ गई थीं कि यह कॉन्ट्रोवर्शियल है और आपकी इमेज को खराब कर सकता है. आपने यह बात डायरेक्टर्स को भी बताई. तो आप यह बताइए कि जब आपको इस बात का इल्म था, तो आपको पहले ही एक प्रेस नोट या कोई इंस्टाग्राम पोस्ट डाल देनी चाहिए थी, क्योंकि यह आपकी नैतिक जिम्मेदारी है. शायद आपको लगा होगा कि कुछ नहीं होगा. या फिर यह सॉन्ग कब आकर चला जाएगा, किसी को पता ही नहीं चलेगा और आपकी इमेज पर कोई धब्बा नहीं पड़ेगा, क्योंकि जिसे सच में अपनी इमेज की फिक्र होती है. वह हर मुमकिन कोशिश करता है कि अपने आप को पहले ही इस तरह के प्रोजेक्ट्स से दूर कर ले.
प्रमोशन नहीं किया
चौथा सवाल आप अपनी वीडियो में कहा कि आपने हिंदी वर्जन सुनते ही इस प्रोजेक्ट से खुद को दूर कर लिया था. इसलिए ही आज तक कोई प्रमोशन नहीं किया. अच्छा तो आप ये बताएं कि आप इस गाने को किस मुंह से प्रमोट करती कि यह सॉन्ग अब तक का सबसे वल्गर गाना है? अरे कुछ तो बोलने से पहले सोचो या जो बिना सिर-पैर के आपकी टीम ने आपको सफाईनामे की पर्ची पकड़ा दी आपने वही सुना दिया.
आपका कहना है कि क्योंकि मैं कोई नेपो किड नहीं हूं, जो भी बनी हैं अपने दम पर बनी हैं तो हमारे काम में कम ही कंट्रोल होता है. हां, बॉलीवुड में आपका कंट्रोल है, आपकी राय ली जाती है, लेकिन बाकी इंडस्ट्री में ऐसा नहीं होता है. बस आप मुझे ये बताएं कि ऐसे कैसे हो सकता है कि आपके हाथों में कुछ भी न हो.